कांग्रेस रूख स्पष्ट करें,फिर देंगे समर्थन – माकपा

रायपुर
कोरबा नगर निगम में नागरिकों के बुनियादी मानवीय अधिकारों और जनसमस्याओं पर संघर्ष करने की घोषणा करते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने निगम क्षेत्र की कुछ ज्वलंत समस्याओं को भी चिन्हित किया है और इन मांगों पर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने के लिए कहा है। पत्रकारवार्ता में माकपा राज्य सचिव संजय पराते व जिला सचिव प्रशांत झा ने उक्त जानकारी दी।

कोरबा निगम में माकपा के दो पार्षद चुनकर आये हैं, जिनके समर्थन की जरूरत कांग्रेस को निगम सरकार बनाने के लिए पड़ेगी। इस प्रकार माकपा ने तटस्थ रवैया अपनाते हुए गेंद कांग्रेस के पाले में ही डाल दी है। माकपा नेताओं ने कहा कि निगम क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस और भाजपा किसी पर भी अपना विश्वास व्यक्त नहीं किया है और यही कारण है कि आम जनता ने इन दोनों पार्टियों को बहुमत से वंचित किया है और सरकार बनाने की चाबी छोटी पार्टियों को सौंपी है। पहले भी निगम की सत्ता भाजपा और कांग्रेस के पास रही है और उसने आम जनता की बुनियादी समस्याओं को हल करने के बजाए उन्हें परेशान करने और उन पर करों का बोझ लादने का काम किया है।

लेकिन हम भाजपा को निगम की सत्ता में नहीं देखना चाहते और उसे सत्ता से बाहर रखने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन इसका मतलब कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन देना नहीं है और इस बार उसे माकपा द्वारा आम जनता की उठाई गई मांगों पर पहले अपना रुख सार्वजनिक रूप से बताना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *