कलंक के खिलाफ: पटना में आय से अधिक संपत्ति में जेई का मकान जब्त

पटना                                                                    
कनीय अभियंता सुखदेव महतो की संपत्ति सोमवार को जब्त कर ली गई। आय से अधिक संपत्ति मामले में यह कार्रवाई की गई है। ग्रामीण अभियंत्रण संगठन में इंजीनियर रहे सुखदेव महतो की जक्कनपुर स्थित मकान को पटना जिला प्रशासन द्वारा जब्त किया गया है। 

कटिहार में ग्रामीण अभियंत्रण संगठन (आरईओ) में 2007 में सुखदेव महतो की तैनाती के दौरान निगरानी ब्यूरो ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में भागलुपर स्थित निगरानी न्यायालय द्वारा उनकी दो संपत्तियों को जब्त करने का आदेश दिया गया है। इसमें पटना के पुरानी जक्कनपुर मोहल्ले के डीवीसी चौक के पास स्थित मकान संख्या जेकएस- ए/45 और बिहारशरीफ के कचहरी मोड़ के महिखंदक स्थित मकान शामिल हैं। दोनों मकान तीन मंजिला है। 

निगरानी न्यायालय द्वारा पारित आदेश के बाद सोमवार को उनके पटना स्थित जक्कनपुर के मकान को जब्त करने की कार्रवाई की गई। पटना जिला प्रशासन की टीम ने उक्त मकान को जब्त किया। अब यह मकान सरकारी की संपत्ति हो गई है। उधर, इंजीनियर सुखदेव महतो का कहना है कि यह संपत्ति पत्नी के नाम पर है। निचली अदालत के आदेश पर जब्त किया जा रहा है। आदेश के खिलाफ हम उच्च न्यायालय गए हैं। 

स्कूल या अनाथालय खुलेगा
भ्रष्ट लोक सेवकों की संपत्ति (मकान) को जब्त करने के बाद सरकार उसका इस्तेमाल समाज कल्याण के काम में करती है। इसके तहत जब्त मकान में सरकारी स्कूल या फिर अनाथालय खोले जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *