ऐसा लगता है आजम खां को है कोई मानसिक बीमारीः शिवराज

 गोरखपुर
 
लोकसभा में पीठासीन सभापति रमा देवी पर सपा सदस्य आजम खां की अमर्यादित टिप्पणी पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ऐसा लगता है कि उन्हें कोई मानसिक बीमारी है। 

शिवराज सदस्यता अभियान में जुटे शहर भाजपा के 168 विस्तारकों के लिए शुक्रवार को गोरखपुर क्लब में आयोजित कार्यशाला में आए थे। पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के बारे में ऐसी टिप्पणियां करके आजम खां के मन को सुकून मिलता है। इसके पहले रामपुर से भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा के बारे में भी उन्होंने ऐसी ही भद्दी टिप्पणी की थी।

यह दुर्भाग्य है कि उनके जैसे लोग राजनीति और लोकसभा में हैं। इनका मूल काम जमीन कब्जाना रहा है। 27 मुकदमे दर्ज हुए हैं। कोर्ट से रोज कहीं न कहीं का कब्जा हटाने का आदेश आ रहा है। शिवराज सिंह ने लोकसभा में आजम खां का बचाव करने के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच से स्पष्ट है कि अब सपा का डूबना तय है। 

मध्य प्रदेश विधानसभा में दंड विधि संशोधन विधेयक पर भाजपा के दो विधायकों के कमलनाथ सरकार के पक्ष में मतदान करने पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने बड़े अक्रामक अंदाज में जवाब दिया। गोरखपुर में उन्होंने कहा कि 'शुरुआत कांग्रेस ने की है, समापन हम करेंगे।' 
उन्होंने कहा कि भाजपा को मध्य प्रदेश में सरकार बनानी होती तो कांग्रेस की सरकार कतई नहीं बनती।

भाजपा और कांग्रेस की सीटों का फासला ज्यादा नहीं है। बसपा और अन्य दलों के समर्थन से उनकी सरकार चल रही है। भाजपा ने नैतिक फैसला किया। चूंकि कांग्रेस की सीटें थोड़ी ज्यादा आई हैं इसीलिए सरकार उसे बनाने दी। इसी वजह से भाजपा ने सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया। लेकिन अब कांग्रेस ने गंदी राजनीति शुरू कर दी है। यह उसे बहुत भारी पड़ेगा। एक अन्य सवाल के जवाब में शिवराज ने कहा कि बिहार में जनता दल यूनाइटेड और भाजपा की सरकार अच्छी चल रही है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच छोटी-मोटी कोई बात होगी तो उसे वहीं सुलझा लेंगे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *