उन्नाव बवाल : शिवपाल बोले – CM ने बात नहीं मानी तो उनके आवास के बाहर देंगे धरना

 शुक्लागंज (उन्नाव) 
ट्रांसगंगा सिटी पहुंचे प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को कहा कि यहां किसानों के साथ अन्याय हुआ है। जमीन का मुआवाजा मांग रहे किसानों के साथ पुलिस ने जोर जबरदस्ती की और लाठी चार्ज किया। उन पर मुकदमे लगाए गए, जो सरासर गलत है। किसानों के हक के लिए वह मुख्यमंत्री से मिलेंगे अगर नहीं माने तो उनके आवास के बाहर धरना देंगे। शिवपाल शंकरपुर रामलीला मैदान में किसानों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन चली गई, वे भूमिहीन हो गए। सपा सरकार ने जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की थी, उसका सर्किल रेट से चार गुना ज्यादा मुआवाजा दिया था। भाजपा सरकार किसानों का शोषण कर रही है। किसानों ने लाखों की लागत से फसलें बोई थीं। फसलें तैयार हो रही थी, मगर प्रशासन ने खेत जुतवा दिए। सरकार किसानों वादे कर बहला रही है। यह उन लोगों की सरकार है, जो कभी अंग्रेजों से मिले हुए थे। इसीलिए किसानों के साथ अंग्रेजों जैसा बर्ताव कर रही है। शिवपाल ने मांग की कि किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। पुलिस के डर से किसान घर छोड़ कर भागे हुए हैं। प्रशासन किसानों की बातों को सुन नहीं रहा है। आखिर वह कहां जाएं। उन्होंने किसानों को इंसाफ दिलाने की बात कही है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सुंदर लाल लोधी, जिलाध्यक्ष व पूर्व बार अध्यक्ष सतीश चंद्र शुक्ला, श्रीराम सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

पुलिस ने अब तक 23 किसानों को किया गिरफ्तार
ट्रांसगंगा सिटी पर शनिवार को पुलिस और किसानों के बीच हुए संघर्ष और लाठीचार्ज के बाद प्रशासन ने सैकड़ों किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए। उसी रात से पुलिस किसानों की धरपकड़ को दबिश दे रही है। अब तक किसान नेता के पिता, भाई समेत 23 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

लाठीचार्ज के दौरान कई किसानों के साथ पुलिस कर्मी भी चुटहिल हुए थे। दबाव बनाने के लिए  किसानों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। डीएम, एसपी के निर्देश पर पुलिस आरोपितों की धरपकड़ के लिए रातोंदिन दबिशें दे रही है। बुधवार को किसान नेता सनोज यादव के पिता पूर्व प्रधान वाल्मीकि यादव, बड़े भाई मनोज यादव, महेन्द्र, रमाकांत, पुनीत व पुटिल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ व वीडियोग्राफी की मिलान के बाद के बाद राजू को छोड़ दिया गया। पुलिस अब तक रंजीत गौतम, शिवकुमार, राजकुमार, सतलू, अनिल, मुकेश, धनंजय, रवि कश्यप, रवि कुमार, फूलचंद्र, महेश, राजकुमार व डॉ. बीएन पाल समेत तेईस लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के डर से कुछ किसान अपने रिश्तेदारों के घरों में समय काट रहे हैं। कुछ  इधर उधर छिपे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *