ई टेंडर घोटाला: पू्र्व मंत्री के दो निज सहायक गिरफ्तार

भोपाल
मध्य प्रदेश में हुए इ-टेंडरिंग घोटाले में शुक्रवार को ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू ने पूर्व सरकार में मंत्री रहे नरोत्तम मिश्रा के स्टाफ के दो निज सहायक को गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक अरुण मिश्रा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। आरोपियों के नाम वीरेंद्र पांडे और निर्मल अवस्थी हैं।

ईओडब्लू ने कुछ माह पहले ई टेंडर घोटाले के मामले में मामला दर्ज करने के बाद कुछ निजी कंपनियों के अधिकारियों को सबसे पहले गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ के आधार पर कुछ सरकारी कर्मचारियों को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद इन दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया।

ईओडब्ल्यू सूत्रों के अनुसार जल संसाधन विभाग में ई टेंडर के जरिए अनियमितताओं के सिलसिले में ये गिरफ्तारियां हुयी हैं। आरोप है कि करोड़ों रूपयों के ठेके ई टेंडर के जरिए मनपसंद की कंपनियों को दिए गए। पूर्ववर्ती सरकार में श्री नरोत्तम मिश्रा जल संसाधन विभाग के भी मंत्री थे। राज्य में वर्तमान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने आठ माह पहले विधानसभा चुनाव में आरोप लगाया था कि उस समय की भाजपा सरकार के कार्यकाल में ई टेंडर घोटाला हुआ है। उसने सत्ता में आने की स्थिति में इस मामले की जांच कराने की घोषणा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *