ईवीएम की सुरक्षा देखने जेल पहुंचे दिग्विजय सिंह, पत्नी अमृता भी थी मौजूद

भोपाल
 लोकसभा चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गए हैं। अब उम्मीदवारों के साथ-साथ देश की जनता को परिणामों का इंतजार है। 19 मई को देशभर में जो एग्जिट पोल जारी किए गए हैं उसमें भाजपा को पूर्णबहुमत के साथ सरकार बनाते दिखाया गया है। वहीं, विपक्ष ईवीएम को लेकर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस और सहयोगी दलों के माथे पर चिंता साफ देखी जा रही हैं। मंगलवार को कांग्रेस के भोपाल से उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए जिला जेल पहुंचे। बता दें कि जिला कारागार में ईवीएम को सुरक्षित तौर पर रखा गया है और दिग्विजय सिंह वहीं देखने के लिए जिला जेल पहुंचे थे।

अमृता भी थीं मौजूद
दिग्विजय सिंह के साथ उनकी पत्नी अमृता सिंह भी मौजूद थीं। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम के साथ आसपास के माहौल का भी जायजा लिया।

अधिकारियों से की चर्चा
दिग्विजय सिंह ने स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा देखी और जेल अधिकारियों के साथ इस संबंध में चर्चा भी की। इस दौरान जेल अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया की ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उसकी सुरक्षा में लोग 24 घंटे तैनात भी हैं। थोड़ी देर रूकने के बाद दिग्विजय सिंह वहां से चले गए।

साध्वी से है दिग्विजय का मुकाबला
दिग्विजय सिंह 16 साल बाद चुनाव मैदान में हैं। भोपाल संसदीय सीट से दिग्विजय सिंह का मुकाबला इस बार भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है।

भाजपा में जश्न का माहौल
एग्जिट पोल के अनुमान आने के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है तो वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस और सहयोगी दल थोड़े परेशान दिख रहे हैं। मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में एक भोज का आयोजन भी किया जिसमें सभी सहयोगी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया था। दूसरी तरफ कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों में भी मुलाकातों और बैठकों का दौर जारी है इसके साथ-साथ विपक्षी दलों ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *