अयोध्या फैसला: पीएम मोदी ने कहा-आज का दिन ऐतिहासिक, अब देश निर्माण की बारी

 
नई दिल्ली

अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐसे महत्वपूर्ण मामले पर फैसला सुनाया है, जिसके पीछे सैकड़ों वर्षों का इतिहास है। कुछ लोगों की इच्छा था कि रोजाना सुनवाई हो, वैसा हुआ। फैसला आ गया है। दशकों चली न्याय प्रक्रिया का समापन हुआ है। अब हमें आगे ही आगे बढ़ते जाना है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने दिया है, अब देश के हर नागरिक पर देश निर्माण का दायित्व बढ़ गया है। पीएम ने 9 नवंबर के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज के दिन ही बर्लिन की दीवार गिराकर दो विचारधाराएं एक रास्ते पर आ गईं थीं। उन्होंने साथ ही कहा कि आज ही के दिन करतारपुर कॉरिडोर का भी उद्घाटन हुआ। पीएम ने देश के लोगों से कहा कि अब हर नागरिक पर न्यू इंडिया के निर्माण की जिम्मेदारी बढ़ गई है।
 
'अयोध्या के फैसले को हर पंथ ने खुले दिल से स्वीकारा'
करीब 11 मिनट के अपने संबोधन में पीएम ने कहा, पूरी दुनिया मानती है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, आज दुनिया ने ये भी जान लिया है कि भारत का लोकतंत्र कितना जीवंत और मजबूत है। फैसला आने के बाद जिस तरह हर वर्ग, हर समुदाय, हर पंथ और पूरे देश ने खुले दिल से इसे स्वीकार किया है, वह भारत की पुरातन संस्कृति, परंपराओं और सद्भाव की भावना को दिखाता है।
  विविधता में एकता फिर साबित हुई- मोदी
पीएम ने कहा, 'भारत जिसके लिए जाना जाता है, और हम गर्व से उल्लेख भी करते हैं, वह है 'विविधता में एकता'। विविधता में एकता का मंत्र अपने पूर्णता के साथ खिला हुआ नजर आता है। हजारों साल बाद भी किसी को 'विविधता में एकता' भारत के इस प्राण तत्व को समझना हो तो वह आज के दिन का जरूर उल्लेख करेगा। यह घटना इतिहास के पन्नों से उठाई हुई नहीं है। सवा सौकरोड़ लोग खुद इतिहास रच रहे हैं।
 

'अयोध्या पर फैसला सर्वसम्मति से आना खुशी की बात'
उन्होंने कहा कि भारत के न्यायपालिका के इतिहास में भी आज का दिन स्वर्णिम अध्याय की तरह है। इस विषय पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सबको सुना और बहुत धैर्य से सुना। पूरे देश के लिए खुशी की बात है कि यह फैसला सर्वसम्मति से आया है। एक नागरिक के नाते हम सब जानते हैं कि परिवार में छोटा मसला सुलझाने के लिए भी दिक्कत होती है, ये कार्य सरल नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने इस फैसले के पीछे दृढ़ इच्छा शक्ति के दर्शन कराए हैं। देश के न्यायधीश, न्यायालय और हमारी न्याय प्रणाली आज विशेष रूप से अभिनंदन के अधिकारी हैं।
 
पीएम ने कहा, '9 नवंबर के दिन ही बर्लिन की दीवार गिरी थी। दो विपरीत धाराओं ने एकजुट होकर नया संकल्प लिया था। 9 नवंबर को करतारपुर कॉरिडोर की शुरुआत हुई है। इसमें भारत और पाकिस्तान का भी सहयोग रहा है। अयोध्या पर फैसले के साथ ही 9 नवंबर की यह तारीख हमें साथ रहकर आगे बढ़ने की सीख भी दे रही है। इस दिन का संदेश जोड़ने, जुड़ने और मिलकर साथ चलने का है। किसी के मन में कोई कटुता रही हो तो यह उसे खत्म करने का भी दिन है। नए भारत में भय, कटुता और नकारात्मका का कोई स्थान नहीं है।
   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *