अमन की और लौटा उत्तर प्रदेश, हिंसा में शामिल 879 लोग गिरफ्तार

 लखनऊ                                                                           
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के दौरान हुई हिंसा करने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। रविवार को कड़ी चौकसी के बीच प्रदेश में शांति रही। हिंसा की घटनाओं को लेकर अब तक दर्ज कुल 164 मुकदमे में 879 लोग गिरफ्तार हुए हैं। उपद्रवियों कि गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश जारी है।

डीजीपी मुख्यालय के अनुसार रविवार को भी सभी जिलों में कड़ी चौकसी बरती गई। किसी भी जिले में हिंसक घटनाएं नहीं हुई हैं। अब तक सूबे में 5312 लोगों को शांति भंग की आशंका में पाबंद किया गया। 

35 अवैध असलहे और 69 जिंदा कारतूस बरामद
प्रदर्शनों के दौरान कुछ जिलों में उपद्रवियों ने अवैध असलहों का धड़ल्ले से प्रयोग किया। फिरोजाबाद, बिजनौर व मुजफ्फरनगर से 35 अवैध असलहे और 69 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस दौरान 647 कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं। 

अब तक 288 पुलिसकर्मी घायल
हिंसक प्रदर्शनों के दौरान उपद्रवियों के हमले में अब तक 288 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें 61 पुलिसकर्मी को गोली लगी है। 

वीडियो फुटेज से अराजक तत्वों की पहचान
हिंसक प्रदर्शनों में शामिल अराजक तत्वों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक व निजी संपत्तियों को हुई क्षति का आकलन कराया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन के स्तर से टीमें गठित की गई हैं। क्षति का आकलन होने के बाद उसके लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित करके वसूली के नोटिस दिए जाएंगे। 

फिरोजाबाद : बवाल में 15 मुकदमे दर्ज  
फिरोजाबाद में बवाल के मामले में अब तक 15 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं पीड़ित अपनी क्षति के मुकदमे दर्ज करा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मुकदमों में अब तक 26 की पहचान की जा चुकी है। 

अलीगढ़ : 35 उपद्रवियों के पोस्टर जारी
अलीगढ़ में पुलिस ने वीडियो फुटेज से पथराव करने वाले 35 उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करा दिए। पोस्टरों के माध्यम से पुलिस ने उपद्रवियों के नाम-पते जुटाना शुरू कर दिया है। कुछ उपद्रवियों को चिह्नित कर लिया गया है। साथ ही उनकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश भी शुरू कर दी है।  

गोरखपुर : पथराव के तीन आरोपितों समेत 23 को जेल भेजा
गोरखपुर पुलिस ने पथराव करने के तीन आरोपितों समेत 23 लोगों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। इनमें से 20 लोगों को पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार किया है।

महाराजगंज : भीम आर्मी के नौ लोगों को जेल
महाराजगंज में नागरिकता कानून के विरोध में जुलूस निकालने की कोशिश में गिरफ्तार किए गए भीम आर्मी के नौ लोगों को शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जिले में अभी भी धारा 144 लागू है। ऐसे में बिना अनुमति जुलूस, धरना-प्रदर्शन प्रतिबंधित है।

फर्रुखाबाद : आधा दर्जन बलवाई जेल भेजे गए
फर्रुखाबाद में जुमे की नमाज के बाद शहर में उपद्रव करने वाले आधा दर्जन बवालियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मऊदरवाजा और शहर कोतवाली पुलिस ने दो दर्जन से अधिक और बवालियों को चिन्हित कर लिया है। जल्द ही और बवाली गिरफ्त में होंगे।

श्रावस्ती और अयोध्या में भड़काऊ मैसेज पर तीन गिरफ्तार
श्रावस्ती और अयोध्या में सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज करने पर अब तक तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें से दो लोगों को श्रावस्ती और एक लोगों को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया है।

भदोही : 15 आरोपित जेल भेजे गए
भदोही में जुमे की नमाज के बाद शुक्रवार को कालीन नगरी में हुए बवाल के 15 आरोपितों को जेल भेज किया गया है, जबकि दो दर्जन को शांति भंग में पाबंद किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *