अनोखी शादी: बारात लेकर पहुंची दुल्हन, डिप्टी सीएम ने दिया आशीर्वाद

 लखनऊ 
लखनऊ में गुरुवार को एक ऐसी शादी देखने को मिली जिसमें दूल्हे के साथ-साथ दुल्हन भी अपने परिवार के साथ बारात लेकर विवाह स्थल पहुंची। विवाह स्थल पहुंचने पर जयमाल की रस्म अदा की गई। यह नजारा रामाधीन सिंह उत्सव लाल में गुरुवार को देखने को मिला।

लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व जूनियर लाइब्रेरियन राजेश विद्यार्थी की बेटी रचना का विवाह पेपर मिल निवासी रूपेश के साथ संपन्न हुआ। विवाह से पूर्व लड़की रचना अपने निवास स्थान बाबूगंज से गाजे-बाजे के साथ सैकड़ों महिलाओं के साथ बारात लेकर विवाह स्थल के लिए रवाना हुई। उधर पेपर मिल कॉलोनी निवासी रूपेश आईटी चौराहे से बैंडबाजे के साथ बारात लेकर विवाह स्थल पहुंचे। दोनों के विवाह स्थल के मुख्य द्वार पर पहुंचने पर दोनों पक्षों के लोगों ने स्वागत अभिनंदन किया। उसके बाद बग्घी पर दूल्हा-दुल्हन बैठकर जयमाल स्थल पहुंचे। बाद में जयमाल का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

जयमाल के समय तो से पुष्प वर्षा की गई। वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, मंत्री बृजेश पाठक, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप समेत बड़ी संख्या में लोग आशीर्वाद देने पहुंचे।  राजेश विद्यार्थी ने बताया कि इस विवाह कराने का मुख्य उद्देश्य है कि समाज में लड़की को नीचे स्तर से देखा जाता है। इस मानसिकता को को दूर करने के लिए ऐसा किया। हमारा मानना है कि सभी बराबर हैं कोई ऊंचा नीचा नहीं है। इस पुरानी परंपरा को समाप्त करते हुए नया परिवर्तन लाने का विचार ही मेरा मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *