अनियंत्रित होकर पलटी वैन, 14 वर्षीय किशोर की मौत, 7 घायल

गरियाबंद
तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर शनिवार देर रात राजिम थाना क्षेत्र के देवरी के पास पलट गई। हादसे में  एक किशोर की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी लोग एक ही परिवार के हैं और एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से राजिम अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कुरुद का साहू परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए वैन से महासमुंद गया था। वहां से शनिवार देर रात करीब 12.30 बजे लौटते समय देवरी के पास अचानक वैन अनियंत्रित हो गई और तीन-चार बार सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते देख आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और 108 को सूचना दी। थोड़ी ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और सभी को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में 14 वर्षीय मोहित साहू की मौके पर ही मौत हो गई थी। 

वहीं वाहन में सवार यदुराम साहू, गीता बाई साहू, उर्मिला साहू, अंगेश्वर साहू, राधेश्याम साहू, इंदुराम साहू, संतोषी साहू को शरीर में अंदरूनी चोटे लगने से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल राधेश्याम व संतोषी बाई को रायपुर रेफर किया गया है। बाकी घायलों को राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वैन को परिवार का ही टिकेश्वर साहू चला रहा था। माना जा रहा है कि नींद की झपकी आने के चलते वो वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे हादसा हुआ। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *