अंतिम दिन आज PM मोदी खरगोन में भरेंगे हुंकार, वातानुकूलित मंच से देंगे भाषण

खरगोन
मध्य प्रदेश में अंतिम चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार का शोर थम जाएगा| बीजेपी और कांग्रेस ने मालवा निमाड़ की आठ सीटों पर पूरी ताकत झोंक दी है| अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खरगोन में सभा करने वाले हैं|  मोदी की खरगोन में यह पहली सभा होगी। सभा को सफल बनाने के लिए भाजपा ने पूरी कोशिश की है| सूरज की तपिश को देखते हुए पीएम मोदी के लिए विशेष व्यवस्था की गई हैं| 

खरगोन के नवग्रह मेला मैदान पर होने वाले पीएम मोदी की सभा के लिए 100 बाय 80 फीट का वातानुकूलित मंच बनेगा। दो एअर कंडीशनर लगाए जाएंगे। मंच के पास वातानुकूलित तीन कक्ष भी बनेंगे। जबकि लोगों को गर्मी से बचाने के लिए ड्रिप से फुहारे बचाएगी। इसके अलावा पेयजल के लिए दो लाख पानी के पाऊच की व्यवस्था भी रहेगी।  वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के साथ एडीजी खुद ने कमान संभाली। 17 मई को मेला मैदान में मोदी भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे। सभा पंडाल में 25 हजार कुर्सियां लगाई जाएगी। जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने बताया आमसभा में एक लाख से ज्यादा लोगों की व्यवस्था की गई है। 

जारी कार्यक्रम के अनुसार मोदी सुबह 10.35 बजे इंदौर एयरपोर्ट आएंगे। वहां से 10.40 बजे हेलिकॉप्टर से खरगोन रवाना होंगे। 11.20 बजे पर खरगोन में दामखेड़ा स्थित हेलिपैड पर पहुंचेंगे। 11.25 बजे हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। दोपहर 12.25 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगे। पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किये गए हैं|  एसपीजी ने कुछ दिनों से सभास्थल व हेलिपैड का निरीक्षण कर मंच व स्थल तैयार करवाया है। सभा के मद्देनजर एडीजी वरुण कपूर भी पहुंच गए हैं। इसके अतिरिक्त डीआईजी मनोहर वर्मा सभास्थल की कमान संभालेंगे, जबकि डीआईजी दीपक वर्मा हेलिपैड पर होंगे। सुरक्षा के लिए ही छह पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी, 14 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 20 डीएसपी और 1200 जवान अलग-अलग स्थान पर तैनात रहेंगे। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *