छिंदवाड़ा में स्वाइन फ्लू का एक मामला आया सामने, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
छिंदवाड़ा जिले में स्वाइन फ्लू का एक पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अर्चना कैथवास ने जानकारी दी कि पीड़ित मरीज हाल ही में बाहर से यात्रा करके लौटा था। मामला दर्ज होते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरीज के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की और प्रभावित क्षेत्र का स्वास्थ्य सर्वे संपन्न कराया। राहत की बात यह है कि मरीज की पत्नी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जिससे संक्रमण के स्थानीय प्रसार का खतरा टल गया है।
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे ने बताया कि अस्पताल में स्वाइन फ्लू का केवल एक ही मरीज आया था, जो छिंदवाड़ा शहर का न होकर जिले के अन्य ब्लॉक का निवासी है। जब मरीज अस्पताल पहुँचा, तब तक उसकी बीमारी के 5 दिन पूरे हो चुके थे और स्थिति पूरी तरह स्थिर थी। 5 दिन की समयावधि बीत जाने के कारण मरीज से अन्य लोगों में संक्रमण फैलने की संभावना लगभग समाप्त हो चुकी थी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के एपिडिमियोलॉजिस्ट ने मरीज के निवास स्थान पर जाकर सभी निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया है।
स्वाइन फ्लू के प्रसार को रोकने और बचाव के लिए डॉ. दुबे ने नागरिकों को विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी है। उन्होंने मरीजों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, मास्क का नियमित उपयोग करने और हाथों की स्वच्छता (हैंड हाइजीन) पर जोर दिया है। इसके अलावा, निजी अस्पतालों से मरीजों के नागपुर रेफर होने की अफवाहों को खारिज करते हुए स्वास्थ्य प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई आधिकारिक सूचना नहीं है और जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
मौसम में बदलाव के साथ ही छिंदवाड़ा जिले में सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। इसके कारण जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना पहुंचने वाले मरीजों की संख्या 1300 के पार पहुंच गई है, जिससे पंजीयन काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्ष तक लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इसी बीच जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) के तीन नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है, जिनमें से एक मरीज का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और दो मरीजों को गंभीर हालत में जबलपुर व नागपुर रेफर किया गया है।हालांकि जिले के स्वास्थ्य विभाग ने सिर्फ स्वाइन फ्लू की एक केस की पुष्टि की है। सांस लेने में तकलीफ या लगातार तेज बुखार होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने तथा भीड़भाड़ से बचने, मास्क लगाने व हाथों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।
