देहात पुलिस ने चोरी की दो बाइक समेत दो आरोपी दबोचे
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अंतर्गत थाना देहात पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश उर्फ अक्कु (33 वर्ष) निवासी प्रियदर्शिनी कॉलोनी और कौशल साकरे (40 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर को हिरासत में लिया. आरोपियों ने कड़ी पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें (नंबर MP28MX1002 और MP28NA3656) बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹1,05,000 बताई जा रही है. ये बाइक फरियादी रंजीत डहरिया और पंकज डहरिया की थीं, जिन्हें क्रमशः फ्रेंड्स कॉलोनी और ढीमराढाना में एक शादी समारोह के बाहर से अज्ञात चोरों द्वारा पार किया गया था. इस पूरी त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत सहित उनकी पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही.
