सावधान: कल सुबह जल्दी चार्ज कर लें मोबाइल, बिजली से जुड़े जरूरी काम समय पर निपटाएं
छिंदवाड़ा। शहर के कई प्रमुख इलाकों में कल, 2मई (शनिवार) को मानसून पूर्व मेंटेनेंस कार्य के चलते 4 घंटे तक बिजली गुल रहेगी। शहर वितरण केंद्र के अनुसार सुबह 07:00 बजे से 11:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे सुबह 7 बजे से पहले अपने मोबाइल, लैपटॉप और अन्य चार्जेबल उपकरणों को फुल चार्ज कर लें तथा पानी भरने जैसे बिजली से जुड़े जरूरी घरेलू काम समय रहते निपटा लें, ताकि कटौती के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह शटडाउन मुख्य रूप से 11 के.व्ही. नई आबादी फीडर से जुड़े क्षेत्रों जैसे पी.जी. कॉलेज, इंदिरा नगर, नरसिंहपुर नाका, और केंद्रीय विद्यालय सहित आसपास की कॉलोनियों में प्रभावी होगा। विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह रखरखाव कार्य बेहद जरूरी है। कार्य की स्थिति को देखते हुए समय सीमा में बदलाव भी किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर उपभोक्ता सहायता नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
