स्पीड ब्रेकर बना काल, पिता और दादी के साथ जा रही 3 वर्षीय मासूम की सड़क हादसे में मौत

देहात थाना अंतर्गत मेघसिवनी रोड पर लापरवाही और सड़क सुरक्षा में कमी के कारण एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी। वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए बनाए गए स्पीड ब्रेकर अब आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मेघासिवनी निवासी 3 वर्षीय मासूम परी, अपने पिता अवधेश यादव और दादी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर इलाज के लिए छिंदवाड़ा आ रही थी। मेघसिवनी रोड पर जैसे ही मोटरसाइकिल एक स्पीड ब्रेकर से गुजरी, जोरदार झटके के कारण मासूम उछलकर सड़क पर गिर गई।

इस हादसे में बच्ची को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं, साथ बैठी दादी को भी मामूली चोटें आई हैं। परिजनों द्वारा बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों की टीम ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।