MIC बैठक में विकास कार्यों पर मुहर: महापौर की अध्यक्षता में 4 प्रस्ताव पारित, सोनू मागो ने निगम प्रशासन को घेरा
छिंदवाड़ा नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें शहर विकास से जुड़े चार प्रमुख प्रस्तावों को सर्वसमिति से मंजूरी दी गई। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय कचरा शुल्क में 50 प्रतिशत तक की कटौती को लेकर रहा, जिसे अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेजने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही, परिषद ने प्रताप शाला और माल धक्का कॉम्प्लेक्स की लंबे समय से खाली पड़ी दुकानों के आरक्षित मूल्य में 15 प्रतिशत की कमी करने का बड़ा निर्णय लिया है, ताकि वर्षों से अटकी आवंटन प्रक्रिया को गति मिल सके।
सड़क निर्माण में तकनीकी बदलाव और सुधार
मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत लंबित सड़क कार्यों पर चर्चा करते हुए परिषद ने व्यावहारिक सुधारों को मंजूरी दी है। जिन क्षेत्रों में सीसी रोड निर्माण से सड़कों की ऊंचाई बढ़ने और घरों में जलभराव का खतरा था, वहां अब डामरीकरण (BT रोड) कराने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत राजपाल चौक से पाटनी टॉकीज चौक तक सड़क निर्माण को हरी झंडी दी गई है, जबकि राम मंदिर के पीछे वाले संकरे मार्ग के निर्माण कार्य को तकनीकी कारणों से निरस्त कर दिया गया है ताकि स्थानीय निवासियों को भविष्य में परेशानी न हो।
सोनू मागो ने निगम प्रशासन को घेरा
एक ओर जहां एमआईसी बैठक में फैसले लिए गए, वहीं दूसरी ओर सोनू मागो ने निगम प्रशासन पर तीखे हमले किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम अपनी विफलताओं का ठीकरा शासन पर फोड़ रहा है, जबकि शहर की बुनियादी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। मागो ने पिछले कई महीनों से सीवरेज लाइन के कारण दूषित पेयजल की सप्लाई और सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने जैसे गंभीर मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एक तरफ जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाया जा रहा है और दूसरी तरफ शहर गंदगी और अव्यवस्था से जूझ रहा है।
