छिंदवाड़ा में निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम: अब नहीं थोप सकेंगे किताबों का पूरा सेट
छिंदवाड़ा। कलेक्टर के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने निजी स्कूलों और पुस्तक विक्रेताओं की मनमानी रोकने के लिए सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को पीएमश्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (MLB) में आयोजित सीबीएससी (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) स्कूलों के प्राचार्यों एवं संचालकों की बैठक में स्पष्ट किया गया कि कोई भी स्कूल या विक्रेता अभिभावकों पर पूरा सेट खरीदने का दबाव नहीं बनाएगा।
अभिभावकों को मिली बड़ी राहत
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, अब छात्रों के लिए पुरानी पुस्तकों का उपयोग करना पूरी तरह मान्य होगा। यदि किसी विद्यार्थी के पास पुरानी किताबें उपलब्ध हैं, तो वह केवल शेष आवश्यक पुस्तकें ही खरीद सकेगा। विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे पुस्तकों के साथ अनावश्यक सामग्री जैसे कवर, स्टिकर, पेंसिल बॉक्स या कंबाइन बॉक्स का सेट बनाकर जबरन नहीं बेचेंगे।
कॉपियों पर नहीं होगा स्कूल का नाम
प्रशासन ने साफ किया है कि नोटबुक और कॉपियों पर स्कूल का नाम अंकित करना प्रतिबंधित रहेगा। कॉपियों पर पेज संख्या, साइज और मूल्य स्पष्ट रूप से लिखा होना अनिवार्य है। साथ ही, सभी पुस्तकों पर ISBN नंबर होना आवश्यक है ताकि उनकी प्रमाणिकता बनी रहे। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों और विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
4 अप्रैल से लगेगा ‘जिला स्तरीय पुस्तक मेला’
अभिभावकों को उचित दाम पर शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 4 से 6 अप्रैल तक एमएलबी स्कूल परिसर में जिला स्तरीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है।
समय: सुबह 11:00 बजे से शाम 05:30 बजे तक।
बुक बैंक सुविधा: मेले में एक ‘बुक बैंक’ भी बनाया जाएगा, जहाँ कोई भी अभिभावक या छात्र अपनी पुरानी किताबें डोनेट कर सकता है, जिससे जरूरतमंद छात्रों की मदद हो सके।
विक्रेताओं के लिए पंजीयन:
मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक विक्रेता 3 अप्रैल दोपहर 12 बजे तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए श्री आशीष ब्रम्हवंशी (9424903101) और श्री नीरज पीपले (9039548862) से संपर्क किया जा सकता है। कक्षों का आवंटन 3 अप्रैल को दोपहर 2 बजे किया जाएगा।
