पांढुर्णा में सिलेंडर धमाकों का तांडव: तीन मकान जलकर राख, आधे शहर की बिजली रही गुल

पांढुर्णा। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक रिहायशी मकान में रखे गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में लक्ष्मण बिनझड़े, लाजवंती मोहबे और ललिता हापसे के मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पीड़ित परिवारों को घर का कीमती सामान, फर्नीचर और आवश्यक दस्तावेज निकालने तक का समय नहीं मिला। यहाँ तक कि घर के बाहर खड़ी एक स्कूटी भी जलकर कंकाल बन गई। गनीमत यह रही कि धमाके की आवाज सुनते ही सभी लोग समय रहते घरों से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। आग की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग ने एहतियातन आधे शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। फिलहाल, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस और प्रशासन आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।