छिंदवाड़ा: अचल संपत्ति की नई गाइडलाइन का प्रस्ताव पारित, औसतन 10.41% की होगी वृद्धि

छिंदवाड़ा: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अचल संपत्ति के बाजार मूल्य निर्धारण हेतु कलेक्टर  हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले की 3340 लोकेशनों के लिए अनंतिम मूल्य प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेंगी दरें:

जिला पंजीयक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले की 1268 नगरीय और 2072 ग्रामीण लोकेशनों में से कुल 1679 लोकेशनों पर औसतन 10.41 प्रतिशत की दर वृद्धि प्रस्तावित की गई है। इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया में 9 अनुपयोगी लोकेशनों को हटाया गया है, जबकि विकास को देखते हुए 17 नई लोकेशनों को शामिल किया गया है। दरों में वृद्धि का मुख्य कारण क्षेत्र में हो रहे ऊंचे दामों पर पंजीयन और पिछले वर्षों में दरों का स्थिर रहना बताया गया है।

20 मार्च तक आपत्ति दर्ज करने का अवसर:

शासन ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आम नागरिकों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। नागरिक 20 मार्च 2026, दोपहर 12:00 बजे तक अपनी आपत्तियां कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं, जिसके बाद ही अंतिम दरों पर मुहर लगेगी।

छुट्टियों में भी खुले रहेंगे रजिस्ट्री कार्यालय:

मार्च महीने में संपत्तियों के पंजीयन की अधिकता को देखते हुए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब मार्च माह के समस्त सार्वजनिक अवकाशों में भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि आमजन को असुविधा न हो और वे वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले अपने कार्य पूर्ण कर सकें।