श्री शिव शंभूधाम दादा दरबार नेर में 20 मार्च से शुरू होगा दिव्य नवकुंडीय महायज्ञ
छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश): जिले की तहसील छिंदवाड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम नेर में आस्था और भक्ति का भव्य समागम होने जा रहा है। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री शिव शंभूधाम दादा दरबार में आगामी 20 मार्च से 28 मार्च 2026 तक ‘श्री श्री दिव्य नवचंडी नवकुंडीय हवानत्मक यज्ञ’ एवं मनोकामना ज्योति कलश स्थापना का वृहद आयोजन किया जाएगा।
12 वर्षों की कठिन साधना का केंद्र:
क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए यह स्थान विशेष आस्था का केंद्र है। यहाँ दादा जी विगत 12 वर्षों से निरंतर केवल फलाहार एवं दुग्धाहार ग्रहण कर 52 साल का कठिन संकल्प पूर्ण कर रहे हैं। साधना की पराकाष्ठा यह है कि वे साधना के दौरान अपने शरीर पर माता के जवारे धारण करते हैं। उनकी इस दिव्य साधना के माध्यम से असाध्य रोगों से पीड़ित भक्त उपचार और मानसिक शांति प्राप्त करते हैं।
लोककल्याण हेतु महायज्ञ:
इस वर्ष चैत्र शुक्ल द्वितीय से नवमी तक चलने वाले इस आयोजन में धर्मवृद्धि और लोककल्याण के पावन उद्देश्य से दिव्य नवकुंडीय यज्ञ किया जा रहा है। आयोजन समिति और समस्त क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी भक्तजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ग्राम नेर पहुँचकर यज्ञ के दर्शन करें और अपनी मनोकामना पूर्ति हेतु पुण्य लाभ अर्जित करें।
