प्रथम वर्ष में पूरक प्राप्त छात्रों को द्वितीय वर्ष की परीक्षा में बैठने की अनुमति दे सरकार: NSUI छिंदवाड़ा

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला छिंदवाड़ा द्वारा छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा गया। पीजी कॉलेज अध्यक्ष अर्पित तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में प्रदेश के उन हजारों छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है, जिन्हें प्रथम वर्ष में पूरक (सप्लीमेंट्री) आई है।

NSUI पदाधिकारियों का कहना है कि उच्च शिक्षा विभाग के नियमानुसार कई छात्रों ने द्वितीय वर्ष में प्रमोशन शुल्क जमा कर प्रवेश ले लिया है। चूंकि पूरक परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए दो अवसर दिए जाते हैं और अभी एक अवसर शेष है, ऐसी स्थिति में इन छात्रों को अनुत्तीर्ण नहीं माना जा सकता।

संगठन ने मांग की है कि या तो द्वितीय वर्ष की मुख्य परीक्षा से पहले शेष पूरक परीक्षा आयोजित की जाए, या फिर प्रमोशन शुल्क के आधार पर इन सभी छात्र-छात्राओं को द्वितीय वर्ष की परीक्षा में बैठने की अनुमति प्रदान की जाए। इस अवसर पर महासचिव अपेक्षा सूर्यवंशी, नगर अध्यक्ष सत्येन्द्र अहरवार सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता उपस्थित रहे।