छिंदवाड़ा में गूंजा शंखनाद: गौ माता को राष्ट्रमाता और भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की उठी मांग

छिंदवाड़ा। जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा संचालित ‘गौ माता राष्ट्र माता प्रतिष्ठा शंखनाद अभियान’ की गूँज अब छिंदवाड़ा में भी तेज हो गई है। स्थानीय अनगढ़ हनुमान मंदिर में विप्र पुरोहित सेवा संगठन के तत्वावधान में एकत्र हुए सनातनियों ने हुंकार भरते हुए सरकार के समक्ष चार प्रमुख प्रस्ताव पारित किए।

हनुमान चालीसा के साथ लिया संकल्प

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान हनुमान जी की आराधना और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने शंखनाद करते हुए एक स्वर में सरकार से गौ माता के सम्मान और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए संकल्प लिया।

पारित किए गए चार प्रमुख प्रस्ताव:

बैठक में उपस्थित सनातनियों ने केंद्र और राज्य सरकारों से निम्नलिखित मांगों को पूरा करने का आग्रह किया:

गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा: गौ हत्या पर देशव्यापी पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित किया जाए।

हिंदू राष्ट्र की घोषणा: भारत (हिंदुस्तान) को आधिकारिक तौर पर ‘हिंदू राष्ट्र’ घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

हिंदी को राष्ट्रभाषा का सम्मान: देश की पहचान और एकता के लिए हिंदी को ‘राष्ट्रभाषा’ घोषित करने की मांग की गई।

हिंदू दिवस की घोषणा: प्रत्येक शनिवार को ‘हिंदू दिवस’ के रूप में सरकारी मान्यता देने का प्रस्ताव रखा गया।

मुख्यमंत्रियों से विशेष अपील

संगठन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि राष्ट्र स्तर पर प्रक्रिया में समय लग रहा है, तो राज्य सरकारें अपने-अपने प्रदेशों में गौ माता को ‘राज्य माता’ का दर्जा देकर तत्काल संरक्षण प्रदान करें।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति

इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा, संगठन मंत्री राजेश शर्मा ‘स्वदेशी’, राष्ट्र प्रेमी रविंद्र कुशवाहा, प्रकाश शुक्ला, रुपेश तिवारी, तरुण शर्मा, राजेंद्र पाठक और दिलीप भाई सहित बड़ी संख्या में माताएं एवं भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शंकराचार्य जी के अभियान को पूर्ण समर्थन देने की शपथ ली।