हिवरखेड़ी में जल संकट: 15 दिनों से ठप नल-जल योजना, ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा
चौरई (छिंदवाड़ा): चौरई तहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हिवरखेड़ी में पिछले दो सप्ताह से बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। गांव की नल-जल योजना का ट्रांसफार्मर पिछले 15 दिनों से जला हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
भीषण गर्मी की आहट और चल रही स्कूली परीक्षाओं के बीच पानी की किल्लत ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्रामीण दूर-दराज के इलाकों से पानी ढोने को मजबूर हैं, वहीं मवेशी प्यास से भटक रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग ‘कुंभकर्णी नींद’ में सोया हुआ है। विभाग ने जनता को गुमराह करने के लिए एक जला हुआ ट्रांसफार्मर लाकर लगा दिया, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और भड़क गया।
शनिवार को सरपंच मुकेश वर्मा, कुंडा मंडल अध्यक्ष कमलेश वर्मा और उप सरपंच गजेंद्र वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिवरखेड़ी सब-स्टेशन पर उग्र प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग है कि बार-बार जलने वाले 63 KVA ट्रांसफार्मर के स्थान पर 100 KVA का नया ट्रांसफार्मर तत्काल लगाया जाए। प्रदर्शन में मदन साहू, रोहित वर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
