बड़ी राहत: मध्य प्रदेश में बस हड़ताल टली, मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ऑपरेटर्स ने वापस लिया फैसला
मध्य प्रदेश के लाखों बस यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश में 2 मार्च से प्रस्तावित बस हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन की हुई सकारात्मक बैठक और सीएम के आश्वासन के बाद ऑपरेटर्स ने हड़ताल पर न जाने का निर्णय लिया है।
बस संचालक किराया वृद्धि और टैक्स संबंधी विसंगतियों को लेकर आंदोलन की तैयारी में थे, जिससे प्रदेश की परिवहन व्यवस्था ठप होने की आशंका थी। मुख्यमंत्री ने ऑपरेटरों की वाजिब मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द समाधान निकालने का भरोसा दिलाया है। इस निर्णय से होली से पहले घर जाने वाले यात्रियों और आम जनता को बड़ी असुविधा से बचा लिया गया है। अब कल से सभी बसें अपने निर्धारित समय और रूट पर सुचारू रूप से चलेंगी।
