स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: नगर निगम छिंदवाड़ा ने कसी कमर, आयुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा
छिंदवाड़ा। देशभर में होने वाले आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर की स्वच्छता व्यवस्था और सर्वेक्षण के मानकों का आकलन करने के लिए निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी सर्वेक्षण के मानदंडों के अनुरूप शहर की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक के दौरान सिद्धिविनायक वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज के प्रबंध संचालक आतिश राजोरे ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें घर-घर कचरा संग्रहण, स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण और कचरा प्रसंस्करण प्लांट की कार्यप्रणाली पर चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मालवीय, नोडल अधिकारी अभिनव कुमार तिवारी सहित सभी जोन अधिकारी और वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुधारात्मक कार्य समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने वार्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण और फील्ड सुपरविजन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे कचरा अलग-अलग डस्टबिन में दें और शहर को स्वच्छ बनाने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि छिंदवाड़ा सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर सके।
