मुलताई में सनसनी: नाले में मिला छिंदवाड़ा 8वीं बटालियन के जवान का शव, पत्थर से सिर कुचलकर की गई निर्मम हत्या

मुलताई (बैतूल): बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदौली में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। श्मशान घाट के पास नाले में संदिग्ध अवस्था में पड़े इस शव की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। शुरुआती जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों और सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट (FSL) की टीम ने सूक्ष्म निरीक्षण किया।

जांच के दौरान मृतक के सिर पर पत्थर से वार के गहरे निशान मिले, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को छुपाने के उद्देश्य से नाले में फेंका गया था। मृतक के शरीर पर पुलिस जैकेट और टोपी होने के कारण पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए सोशल मीडिया और पुलिस ग्रुपों में फोटो साझा की।

कड़ी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान छिंदवाड़ा स्थित 8वीं बटालियन (विशेष सशस्त्र बल) के जवान आर. एस. सरयाम के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, आर. एस. सरयाम छिंदवाड़ा के ही निवासी थे और वर्तमान में उमरिया की ई-कंपनी में पदस्थ थे। वे 6 जनवरी को अवकाश पर आए थे, लेकिन छुट्टी खत्म होने के बाद वापस ड्यूटी पर नहीं लौटे थे। पुलिस अधीक्षक बैतूल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।