छिंदवाड़ा में सजेगी साहित्य और कला की महफिल: 15 जनवरी को 6 विभूतियों को प्रदान किया जाएगा ‘अक्षत स्मृति सम्मान’

छिंदवाड़ा। जिले की प्रतिष्ठित संस्था ‘अक्षत सम्मान समारोह समिति’ द्वारा साहित्य, संगीत और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए वार्षिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। वरिष्ठ साहित्यकार स्व. केशरीचन्द चंदेल ‘अक्षत’ जी की पावन स्मृति में आयोजित होने वाला यह गरिमामयी समारोह इस वर्ष अपने 17वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।

समिति के प्रमुख विश्वेश चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम आगामी 15 जनवरी को दोपहर 02 बजे से खजरी रोड स्थित स्थानीय होटल में आयोजित किया जाएगा। समारोह में न केवल जिले बल्कि देश की जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा, साथ ही एक सुरम्य संगीत संध्या का आयोजन भी होगा।

प्रमुख हस्तियों का होगा जुटान

इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद विवेक बंटी साहू उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि के तौर पर महापौर विक्रम अहके और भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव शिरकत करेंगे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे करेंगे।

सम्मानित होने वाली विभूतियां:

समिति द्वारा इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों में छह विशिष्ट हस्तियों का चयन किया गया है:

अक्षत स्मृति सृजन शिरोमणि सम्मान: डॉ. संजयराज गौरीनंदन (प्रसिद्ध संगीत निर्देशक, मुंबई)।

अक्षत स्मृति गौरव सम्मान: डॉ. सुधीर आज़ाद (प्रसिद्ध साहित्यकार, भोपाल)।

अक्षत स्मृति कलमकार सम्मान: कुलभूषण सक्सेना (वरिष्ठ पत्रकार)।

अक्षत स्मृति साहित्य रत्न सम्मान: डॉ. अमरसिंह (वरिष्ठ साहित्यकार एवं मोटिवेशनल स्पीकर)।

अक्षत स्मृति ललित कला रत्न सम्मान: डॉ. शांतनु पाठक (सीनियर एनीमेशन आर्टिस्ट)।

अक्षत स्मृति संगीत रत्न सम्मान: नंदलाल सिंह रघुवंशी (वरिष्ठ संगीत गुरु)।

अक्षत सम्मान समारोह समिति ने जिले के समस्त साहित्य, कला और संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर कार्यक्रम को सफल बनाने और प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।