शीतलहर की चपेट में छिंदवाड़ा: पारा 2.2°C पहुंचा, कांग्रेस ने की स्कूलों में 3 दिन के अवकाश की मांग
छिंदवाड़ा। जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरा जिला ठिठुरने को मजबूर है। मौसम की इस गंभीरता को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
रिकॉर्ड स्तर पर गिरा पारा आंचलिक अनुसंधान केंद्र चंदनगांव के अनुसार, जिले का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुँचा है, जबकि कई ग्रामीण इलाकों में पारा 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। दिन के समय भी कनकनी कम नहीं हो रही है, जिससे लोग घरों में दुबकने को विवश हैं।
बच्चों के स्वास्थ्य पर मंडराता खतरा जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कपाले ने कहा कि इतनी भीषण शीतलहर में छोटे बच्चों का सुबह-सुबह स्कूल जाना उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। कपाले ने प्रशासन पर जोर देते हुए कहा, “कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है, जिससे अभिभावक भी चिंतित हैं। जिला प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए कम से कम आगामी तीन दिनों तक स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी चाहिए।”
मौसम विभाग का अलर्ट मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दो-तीन दिनों तक ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है। कांग्रेस का कहना है कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता, तब तक बच्चों को स्कूल बुलाना उनके साथ जोखिम भरा होगा। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मांग पर क्या फैसला लेता है।
