नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का छिंदवाड़ा दौरा रद्द: इंदौर जल संकट के चलते लिया निर्णय
छिंदवाड़ा। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का 4 जनवरी को होने वाला छिंदवाड़ा प्रवास अपरिहार्य कारणों से निरस्त कर दिया गया है। इंदौर में दूषित पेयजल से हुई गंभीर मौतों के बाद उपजे संकट को देखते हुए मंत्री ने अपने क्षेत्र में ही रुककर राहत कार्यों की कमान संभालने का फैसला किया है।
इंदौर में स्वास्थ्य संकट पर नजर
गौरतलब है कि इंदौर में दूषित जल के कारण एक दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई है। इस दुखद घटना के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में ही कैंप कर रहे हैं। वे महापौर पुष्यमित्र भार्गव, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर निगम की टीम के साथ मिलकर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और बीमार लोगों के इलाज की निगरानी में जुटे हुए हैं।
रॉयल क्रिकेट टूर्नामेंट में होने वाले थे शामिल
कैलाश विजयवर्गीय छिंदवाड़ा में भाजपा की संगठनात्मक बैठक के साथ-साथ भाजपा नेता द्वारा आयोजित ‘रॉयल क्रिकेट टूर्नामेंट’ के समापन समारोह में शामिल होने वाले थे। उनके दौरा निरस्त होने की सूचना के बाद अब कार्यक्रमों की रूपरेखा में बदलाव किया जा रहा है। संकट की इस घड़ी में मंत्री ने उत्सव के बजाय जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है।
