”गंदगी कर परेशान करते हो” कहकर कलयुगी बेटे ने पिता को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला
छिंदवाड़ा (चांद)। जिले के चांद थाना अंतर्गत ग्राम रमपुरी दावाझिर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह बेटे का यह आरोप था कि पिता घर में “गंदगी फैलाकर उसे परेशान करते हैं”। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण:
जानकारी के अनुसार, मृतक शंकर इनवाती अपने मंझले बेटे जयसिंह के साथ रहते थे। 29 दिसंबर की दोपहर करीब 4 बजे आरोपी जयसिंह ने पिता को यह कहकर पीटना शुरू कर दिया कि वे गंदगी करते हैं। आरोपी ने पास पड़ी लकड़ी (लाठी) से पिता पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। बाद में आरोपी ने उन्हें घर के अंदर लेटा दिया, जहाँ गंभीर चोटों के कारण दर्द से कराहते हुए बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को चादर से ढंक दिया था।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी:
मृतक की पत्नी लच्छो बाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103(1) BNS के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे, एएसपी आशीष खरे और एसडीओपी भारती जाट के मार्गदर्शन में चांद थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) ललित बैरागी की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी जयसिंह इनवाती को उसके घर के पीछे तालाब के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद की है।
इस कार्रवाई में उनि पीसी राठी, सउनि एल.पी. गुप्ता, आरक्षक सुरेन्द्र बघेल, विवेक बघेल और संदीप बघेल की सराहनीय भूमिका रही।
