मंत्री विश्वास सारंग का पांढुर्णा दौरा: जामसावली में टेका माथा, बोरगांव में सहकारिता के नए मॉडल और खेल सुविधाओं की दी सौगात

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सोमवार को एक दिवसीय प्रवास पर जिला पांढुर्णा पहुंचे। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत सुप्रसिद्ध जामसावली हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ की। सौंसर पहुंचने पर मंत्री सारंग ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और शिवाजी पब्लिक स्कूल व आईटीआई कॉलेज में खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य बताया।

प्रशासनिक और औद्योगिक गतिविधियों के तहत मंत्री सारंग ने बोरगांव स्थित सेवा सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में क्रांतिकारी CPPP (को-ऑपरेटिव पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर जोर दिया। उन्होंने सुरुचि मसाला कंपनी के प्रबंधन और पैक्स अधिकारियों के साथ बैठक कर किसानों को सीधे औद्योगिक इकाइयों से जोड़ने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस नवाचार से किसानों की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने सौंसर स्थित रेमंड कंपनी का भी निरीक्षण कर मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस का अवलोकन किया।

दौरे का एक महत्वपूर्ण केंद्र बोरगांव के प्रतिभावान खिलाड़ी मंगेश यादव का घर रहा। आईपीएल की आरसीबी (RCB) टीम में चयनित होने पर मंत्री सारंग स्वयं मंगेश के घर पहुंचे और उनके माता-पिता को इस ऐतिहासिक उपलब्धि की बधाई दी। स्थानीय युवाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने बोरगांव में एक सर्वसुविधायुक्त ‘ओपन जिम’ निर्माण की घोषणा की। पूरे प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा द्वारा विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया।