भाजपा सरकार की पहचान काम से नहीं, नाम बदलने से हो रही: विश्वनाथ ओकटे

छिन्दवाड़ा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने के फैसले पर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा ऐतराज जताया है। जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि वर्ष 2006 में कांग्रेस सरकार ने ग्रामीणों को 100 दिन के रोजगार की गारंटी देने के लिए यह योजना शुरू की थी, लेकिन भाजपा ने अपने कार्यकाल में ऐसी कोई योजना लाने के बजाय सिर्फ नाम बदलने की राजनीति की है।

ओकटे ने इसे भाजपा का राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए कहा कि महात्मा गांधी के नाम और मूल्यों को मिटाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। इसके विरोध में 21 दिसम्बर (रविवार) को दोपहर 1.30 बजे गांधी चौक (फव्वारा चौक) पर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। शहर अध्यक्ष पप्पू यादव ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में जुटने की अपील की है। आंदोलन में विधायक, निर्वाचित सदस्य, सरपंच, पंच और पार्षद भी शामिल होकर विरोध दर्ज कराएंगे।