छिंदवाड़ा नगर निगम का बड़ा फैसला: जामुनझिरी में बनेगा ₹200 करोड़ का इंटीग्रेटेड बस टर्मिनल, स्वच्छता के लिए खरीदे जाएंगे 80 इलेक्ट्रिक वाहन

छिंदवाड़ा। शहर के विकास और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में आयोजित मेयर-इन-कौंसिल (MIC) की बैठक में विकास से जुड़े कई ऐतिहासिक प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। करीब दो घंटे चली इस बैठक में कुल 32 प्रस्ताव पेश किए गए, जिनमें से 31 को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

जामुनझिरी में सवरेगा भविष्य: बस टर्मिनल और टाउनशिप

बैठक में जामुनझिरी स्थित शासकीय भूमि पर 200 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है।

बस टर्मिनल: 10 एकड़ भूमि पर 300 बसों की क्षमता वाला टर्मिनल बनेगा, जिसमें पार्किंग और आधुनिक यात्री सुविधाएं होंगी।

टाउनशिप: 15 एकड़ में एक सुव्यवस्थित टाउनशिप विकसित की जाएगी।

आय का स्रोत: इस प्रोजेक्ट से निगम को 400 करोड़ रुपये की आय की उम्मीद है। इसे अर्बन चैलेंज फंड, पीपीपी मॉडल और बैंक लोन के माध्यम से 5 वर्षों में पूरा किया जाएगा।

स्वच्छता में ‘इलेक्ट्रिक’ क्रांति

शहर की सफाई व्यवस्था को हाईटेक और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए निगम ने पुराने कचरा वाहनों को रिटायर करने का फैसला लिया है। इनके स्थान पर 80 नए इलेक्ट्रिक वाहन और दो आधुनिक रोड स्वीपिंग मशीनें खरीदी जाएंगी। इससे न केवल डीजल के खर्च में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

शहर को मिलेंगी ये नई सौगातें:

गीता भवन व सिटी सेंटर: जेल बगीचा क्षेत्र में पुस्तकालय, ऑडिटोरियम, सिटी सेंटर और कैफेटेरिया जैसी सुविधाओं से लैस गीता भवन बनेगा।

पिंक टॉयलेट: महिलाओं की सुविधा के लिए मुख्य चौराहों पर विशेष ‘पिंक टॉयलेट’ बनाए जाएंगे।

नया फायर स्टेशन: ईमलीखेड़ा क्षेत्र में नई फायर स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण होगा।

भरतादेव पार्क: पार्क का कायाकल्प अब पीपीपी (PPP) मॉडल पर किया जाएगा।

जांच तक भुगतान पर रोक

बैठक में प्रशासनिक पारदर्शिता पर जोर देते हुए निर्णय लिया गया कि आनंद एसोसिएट द्वारा किए गए निर्माण कार्यों की छह बिंदुओं पर जांच पूरी होने तक उनके भुगतान पर रोक लगी रहेगी।

बैठक में ये रहे उपस्थित:

बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश चंद्र राय, एमआईसी सदस्य  प्रवीण जागेन्द्र अल्डक, नमिता मनोज सक्सेना,  राहुल उईके,  संजीव यादव, चंद्रभान देवरे, प्रमोद शर्मा,बलराम साहू,  शिल्पा राकेश पहाड़े, सुनीता विजय पाटिल, अरुणा मनोज कुशवाहा एवं उपायुक्तगण उपस्थित रहे।