छिंदवाड़ा जिला न्यायालय: देर रात ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की संदिग्ध मौत, कड़ाके की ठंड बनी वजह!
छिंदवाड़ा जिला न्यायालय में कल देर रात ड्यूटी पर तैनात आठवीं बटालियन के आरक्षक गणेश शर्मा (30 वर्ष) मृत पाए गए। ड्यूटी के दौरान हुई इस आकस्मिक मृत्यु से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरक्षक की मौत का कारण कड़ाके की ठंड से हुआ हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है।
AMFU छिंदवाड़ा द्वारा 20-11-2025 को सुबह 07:14 बजे दर्ज किए गए डेटा के अनुसार, शहर का न्यूनतम तापमान 10डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो इस संभावना को बल देता है। मृतक गणेश शर्मा मूल रूप से नेपाल के निवासी थे और अनुकम्पा नियुक्ति के तहत बल में शामिल हुए थे। वह पिछले तीन माह से अधिक समय से न्यायालय परिसर में अपनी सेवाएँ दे रहे थे। कमांडेंट निवेदिता गुप्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत की वास्तविक वजह, चाहे वह अत्यधिक ठंड हो या कोई अन्य कारण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल, मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में भेजा गया है।
