बिजली बिल बकायादारों के लिए बड़ा मौका: छिंदवाड़ा में 12 से 22 नवंबर तक समाधान योजना शिविर, सरचार्ज में मिलेगी 100% तक छूट

मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा समाधान योजना 2025-26 लागू की गई है, जिसका उद्देश्य विलंबित बिलों के भुगतान पर उपभोक्ताओं को सरचार्ज में भारी छूट प्रदान करना है। यह योजना 01 नवंबर 2025 से शुरू हो गई है और सभी श्रेणियों—घरेलू, कृषि, गैर-घरेलू और औद्योगिक—के उन उपभोक्ताओं पर लागू है जिनका बिल तीन माह या उससे अधिक समय से बकाया है। योजना के पहले चरण (31 दिसंबर 2025 तक) में उपभोक्ताओं को 60% से 100% तक सरचार्ज माफ किया जाएगा, साथ ही उन्हें एकमुश्त या छह आसान किश्तों में भुगतान की सुविधा भी मिलेगी। घरेलू/कृषि उपभोक्ताओं को 10% और गैर-घरेलू/औद्योगिक उपभोक्ताओं को 25% राशि जमा कर अपने नजदीकी वितरण केंद्र या कंपनी की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा।

कार्यपालन अभियंता संजय कुमार सिंह ने पूर्व संभाग छिंदवाड़ा के सभी उपभोक्ताओं से विशेष अपील की है कि वे 12 से 22 नवंबर 2025 के बीच अपने नजदीकी वितरण केंद्रों और ग्रामों में आयोजित विशेष शिविरों का लाभ उठाएँ। यह शिविर गुरैया, रोहनाकलां, सोनाखार, सारना, बनगांव, मेघासिवनी, उमरानाला, मोहखेड़, उभेगांव, बीसापुरकलां, लिंगा और सांवरी जैसे वितरण केंद्रों के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से इन शिविरों में उपस्थित होकर योजना का लाभ उठाने और अपने बिलों के बोझ को कम करने का आग्रह किया है।