लाड़ली बहनों को कल से मिलेंगे ₹1500: मुख्यमंत्री मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी से करेंगे बढ़ी हुई राशि जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और नेतृत्व में मध्य प्रदेश में नारी सशक्तिकरण का अभियान द्रुतगति से जारी है, जिसके तहत उन्होंने लाड़ली बहनों से किया हुआ वादा पूरा करते हुए, 12 नवंबर 2025 को सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से योजना की मासिक राशि ₹1500 करने की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस पहल से प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को बढ़ी हुई राशि का सीधा अंतरण उनके खातों में मिलेगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने जून 2023 से अक्टूबर 2025 तक कुल 29 किस्तों और विशेष रक्षा बंधन सहायता को मिलाकर, अब तक ₹44,917.92 करोड़ की राशि का अंतरण करके एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।
इस महत्वाकांक्षी योजना ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे वे न केवल अपनी छोटी-छोटी वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा कर रही हैं, बल्कि इंदौर (4.40 लाख से अधिक), सागर (4.19 लाख से अधिक), और रीवा (4.03 लाख से अधिक) जैसे जिलों में बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित होकर परिवारिक निर्णयों में अपनी भूमिका को सुदृढ़ कर रही हैं।
