कफ सिरप त्रासदी पर प्रभारी मंत्री की सफाई: “देर से आया क्योंकि CM के निर्देशों की समीक्षा कर रहा था”, बोले- जाँच के बाद कार्यवाही का दायरा बढ़ेगा

छिंदवाड़ा। जहरीले कफ सिरप से 24 बच्चों की मौत के बाद, छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने आज पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक ली। पत्रकारों द्वारा विलंब से आने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने सफाई दी।
​देरी पर स्पष्टीकरण:
​मंत्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं पहले ही यहाँ आकर सभी आवश्यक कार्यवाही कर चुके थे और निर्देश देकर गए थे। “उनके दिए निर्देशों की समीक्षा जिला प्रशासन के साथ प्रतिदिन की जा रही थी। एक निश्चित समय अवधि के अंदर मुझे पहुँचना था… उनके दिए गए निर्देशों का परिपालन कैसे हो रहा है और जिले में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा के लिए मैं थोड़े अंतराल बाद पहुँचा हूँ।”
​कार्यवाही का आश्वासन:
​प्रभारी मंत्री ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह घटना हम सबके लिए बहुत दुखद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “यह घटना बड़ी है, और जाँच का दायरा भी बड़ा है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि विस्तृत जाँच रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही का दायरा बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सजग रहकर काम करने के निर्देश दिए और बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से ₹4-4 लाख की राशि परिजनों के खाते में जमा हो चुकी है। पुलिस ने मामले में अब तक 5 गिरफ्तारियाँ की हैं।