बाइक-स्कूटी की टक्कर : महिला के सिर पर चोंट: मौत,20दिन पहले पति की हुई थी मृत्यु

छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र के बिंदरई और रोहना के बीच स्कूटी और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि स्कूटी चालक (महिला का बेटा) मामूली रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
हादसे का विवरण
जानकारी के अनुसार, संचार कॉलोनी निवासी राजेश्वरी पति श्रीरंजन सेंगर (उम्र 58 साल) शनिवार शाम करीब 5 बजे अपने बेटे के साथ स्कूटी से बिंदरई से घर लौट रही थीं। इसी दौरान, बिंदरई और रोहना के बीच एक बाइक चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस टक्कर में महिला सिर के बल नीचे गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है।

20 दिन पहले हुआ था पति का निधन

मृतिका राजेश्वरी सेंगर के पति श्रीरंजन सेंगर का 20 दिन पहले ही अचानक निधन हुआ था। राजेश्वरी आज अपने पति के दुख के भोजन (श्रद्धांजलि कार्यक्रम) के लिए रिश्तेदारों के यहाँ पहुँची थीं। कार्यक्रम के बाद घर लौटते समय महिला हादसे का शिकार हो गईं।