मासूमों की मौत का आरोपी रंगनाथन 10 दिन की रिमांड पर, कोर्ट में गिरा चश्मा
जहरीले कफ सिरप कांड के मुख्य आरोपी और श्रीसन फार्मा के डायरेक्टर रंगनाथन गोविन्दन को आज छिंदवाड़ा जिले के परासिया कोर्ट में भारी सुरक्षा के बीच पेश किया गया। एसआईटी (विशेष जांच दल) आरोपी को चेन्नई से नागपुर तक प्लेन से लाने के बाद, सुबह सड़क मार्ग से परासिया थाने लेकर पहुंची थी। थाने में काफी देर तक पूछताछ हुई और पीड़ित परिवारों ने भी शिकायतें दर्ज कराईं। लगभग पाँच घंटे बाद, शाम को, पुलिस आरोपी को एडीजे कोर्ट लेकर पहुंची।
एडीजे शैलेन्द्र उइके की अदालत में सुनवाई के दौरान एक छोटी-सी घटना भी हुई। पेशी में ले जाते समय कोर्ट परिसर में आरोपी रंगनाथन का चश्मा नीचे गिर गया। एक स्थानीय पत्रकार ने इस चश्मे को उठाया और सुरक्षाकर्मियों के पास जमा करवाने की बात कही।
कोर्ट ने सुनवाई के बाद रंगनाथन गोविन्दन को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर एसआईटी को सौंप दिया। रिमांड से पहले, आरोपी ने कोर्ट में खुद को निर्दोष बताते हुए यह दलील दी कि उनकी दवाइयाँ तीन प्रदेशों में सप्लाई होती हैं। उसने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए राहत मांगी। कोर्ट द्वारा वकील के बारे में पूछे जाने पर, उसने चेन्नई से अपना वकील लाने की बात कही। अब एसआईटी रिमांड के दौरान कफ सिरप में जहरीले केमिकल के इस्तेमाल और इस पूरे कांड के षड्यंत्रकारियों के संबंध में गहराई से पूछताछ करेगी।
