नर्सिंग छात्रा राखी पर घर लौटते समय हादसे की शिकार ; ट्रेन से कटकर मौत, परासिया में मातम

परासिया / मुलताई
राखी के त्योहार पर परिजनों से मिलने घर लौट रही परासिया निवासी युवती की दर्दनाक मौत ने पूरे मोहल्ले को गमगीन कर दिया। शुक्रवार सुबह बैतूल जिले के मुलताई रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में युवती तरुणा घोरके (19 वर्ष) की मौत हो गई।

तरुणा भोपाल से अपने घर परासिया लौट रही थी और 12626 केरला एक्सप्रेस में सवार थी। यह ट्रेन मुलताई स्टेशन पर रुकती नहीं है, इसके बावजूद तरुणा ने उतरने का प्रयास किया, जिस दौरान वह असंतुलित होकर ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि युवती का शरीर कमर से दो टुकड़ों में कट गया।

घटना सुबह 9:30 बजे के आसपास हुई। सूचना मिलते ही जीआरपी आमला की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सहायक उप निरीक्षक अन्नीलाल के अनुसार, घटनास्थल से एक काले रंग का बैग बरामद हुआ, जिस पर GKM नर्सिंग कॉलेज, इंदौर लिखा हुआ था। बैग में मिले आधार कार्ड से मृतका की पहचान तरुणा पिता वीरेंद्र घोरके, निवासी गांधी मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 11, परासिया के रूप में की गई।

तरुणा भोपाल में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। राखी पर घर लौटने की खुशी अब परिवार के लिए शोक की घड़ी बन गई है।
जिस घर में राखी का त्यौहार मनाया जाना था, अब वहां से अंतिम यात्रा निकलेगी।