पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजय पांडे ने सोनू मागो के आरोपों को बताया भ्रामक,
नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजय पांडे ने नगर निगम अध्यक्ष सोनू मागो पर तीखा हमला बोलते हुए उनके हालिया बयानों को तथ्यहीन और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि सोनू मांगो बिना जानकारी के, अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर बयान दे रहे हैं। वे नगर की समस्याओं का दोष दूसरों पर मढ़ रहे हैं, जबकि असल जिम्मेदार कांग्रेस की 15 महीने की सरकार है, जिसने नगर निगम की व्यवस्था को 50 साल पीछे धकेल दिया।
विजय पांडे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकाल में अधिकारियों पर दबाव डालकर फर्जी बिल पास कराए गए और दिल्ली की एक कंपनी को सफाई ठेके के नाम पर करोड़ों रुपये का भुगतान पहले कर दिया गया, जबकि नगर निगम कर्मचारियों को वेतन के लिए तरसना पड़ा। निगम को कर्ज लेना पड़ा, जिसका असर अब तक शहर झेल रहा है।
उन्होंने सोनू मांगो द्वारा वर्तमान सांसद पर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि उन्हें मात्र एक साल हुआ है, फिर भी उन्होंने हर क्षेत्र में विकास के लिए प्रयास किए हैं। वे लगातार जनता के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं, जो छिंदवाड़ा के लिए नया अनुभव है।
पांडे ने विधायक कमलनाथ को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि नगर विकास की सबसे बड़ी जिम्मेदारी विधायक की होती है, लेकिन कमलनाथ जनता के विजन से बाहर हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने जिले से दूरी बना ली है और विधानसभा में भी वे सक्रिय नहीं हैं। पांडे ने कहा कि सोनू मांगो का बयान कमलनाथ की निष्क्रियता से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
अंत में उन्होंने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष को बिना तथ्य के आरोप लगाने से बचना चाहिए और उन्हें असल सवाल जिले के विधायक से करने चाहिए, जिनकी निष्क्रियता नगर के विकास में सबसे बड़ी बाधा बन चुकी है।
