श्रवण मास में धार्मिक आस्था का संगम, 27 जुलाई से होगा हरिहर मिलन समिति का श्रावण मेला

छिंदवाड़ा। श्रावण मास की शुभ शुरुआत के साथ ही हरिहर मिलन समिति द्वारा आगामी 27 जुलाई से 4 अगस्त तक दशहरा मैदान में श्रवण मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शिव महापुराण कथा का पाठ और पार्थिव शिवलिंग निर्माण, अभिषेक एवं पूजा संपन्न होगी।

इस धार्मिक आयोजन का नेतृत्व पं. श्रवण शर्मा करेंगे। आयोजन समिति के उपाध्यक्ष पं. प्रकाश शुक्ला, अर्पित दुबे तथा मीडिया प्रभारी मुकुल मराठा रिंदे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मेला वर्ष 2018 से लगातार प्रति वर्ष आयोजित किया जा रहा है।

शोभायात्रा से होगा शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत 27 जुलाई को एक भव्य शोभायात्रा के साथ की जाएगी। यह शोभायात्रा पंचमुखी मंदिर (शनि मंदिर, तहसील परिसर) से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान (पोला ग्राउंड) पहुंचेगी। यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी की उम्मीद है।

समिति ने सभी श्रद्धालुजन, भक्तगण और नगरवासियों से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन में सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करें और आयोजन को सफल बनाएं।