बागेश्वर धाम हादसा: भारी बारिश में ढाबे की दीवार ढही, एक महिला की मौत, दर्जन घायल: धीरेन्द्र शास्त्री ने धाम नहीं आने की अपील की

छतरपुर (मध्यप्रदेश)। बागेश्वर धाम में गुरु पूर्णिमा से पहले उस समय हड़कंप मच गया जब मंगलवार सुबह तेज बारिश के दौरान एक ढाबे की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) से आई एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, भारी भीड़ और वर्षा के कारण ढाबे की पुरानी दीवार कमजोर हो गई थी। सुबह करीब 8 बजे अचानक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में कई श्रद्धालु आ गए। मृत महिला की पहचान 40 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई है। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

बागेश्वर धाम में यह एक सप्ताह के भीतर दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले 3 जुलाई को भी एक अस्थायी टेंट गिर गया था, जिसमें एक श्रद्धालु की जान चली गई थी और आठ अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन और धाम ट्रस्ट सतर्क हो गया है।

इस घटना के बाद बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र शास्त्री ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस बार गुरु पूर्णिमा के अवसर पर धाम न आएं और अपने घर पर ही पूजा-अर्चना करें। उन्होंने कहा कि “आपकी आस्था हमारे लिए सर्वोपरि है, लेकिन सुरक्षा पहले है। अत्यधिक भीड़ और मौसम की विषम परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।”

धाम परिसर में भीड़ नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और अस्थायी निर्माणों की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।