15 महीने से नहीं संबल की राशि: पंचायत के काट रही चक्कर; कलेक्टर से लगाई गुहार

ग्राम डोकली खुर्द की रहने वाली सहजो मर्सकोले पिछले 15 महीनों से न्याय के लिए पंचायत कार्यालय और अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं। लेकिन न तो उन्हें सरकारी योजना का लाभ मिला, और न ही जिम्मेदारों ने उनकी बात सुनी। अब पीड़िता ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता सहजो मर्सकोले ने बताया कि उनके पति प्रहलाद मर्सकोले की मौत 12 अक्टूबर 2023 को एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। प्रहलाद गांव के उपसरपंच जयराम साहू की पिकअप गाड़ी में नीमच मंडी लहसून लाने जा रहे थे। वाहन को दयाराम चला रहे थे, जबकि प्रहलाद वाहन के पिछले हिस्से (डाला) में बैठे थे। रास्ते में पिकअप सामने खड़ी एक अन्य गाड़ी से टकरा गई, जिससे प्रहलाद के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

पीड़िता ने बताया कि उनके पति का संबल योजना के तहत पंजीयन क्रमांक 142133788 था, लेकिन इसके बावजूद पंचायत स्तर पर उन्हें योजना की सहायता राशि नहीं दी जा रही है। वह सरपंच फुलवंती धुर्वे, सचिव सुखपाल तेकाम और रोजगार सहायक राजाराम वर्मा के पास कई बार जा चुकी हैं, लेकिन उन्हें हर बार टाल दिया गया।

गंभीर आरोप : उपसरपंच बना रहा दबाव, पंचायत पर असर
सहजो मर्सकोले ने आरोप लगाया कि जिस गाड़ी में हादसा हुआ, वह गांव के उपसरपंच जयराम साहू की थी। उपसरपंच पंचायत पर दबाव बनाकर उन्हें योजना का लाभ देने से रोक रहा है। पंचायत के तीनों प्रमुख जिम्मेदार — सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक — इस दबाव के चलते योजना की फाइल आगे नहीं बढ़ा रहे।

चार बेटियों की मां, हालत दयनीय
सहजो मर्सकोले ने आवेदन में बताया कि उनके पास कोई रोजगार नहीं है और वह अकेले ही अपनी चार बेटियों का पालन-पोषण कर रही हैं। संबल योजना की सहायता राशि उनके लिए जीवन-रक्षा जैसी है। लेकिन अफसरशाही और पंचायत की लापरवाही ने उनकी जिंदगी को और कठिन बना दिया है।

अब उन्होंने जिला कलेक्टर से अपील की है कि उन्हें तत्काल संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि प्रदान की जाए और पंचायत में हो रहे इस भेदभावपूर्ण व्यवहार की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों में भी नाराजगी
गांव के कई लोगों ने भी पंचायत की इस कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि संबल योजना जैसी महत्वपूर्ण सहायता भी राजनीति की भेंट चढ़ जाएगी, तो आम जनता को उम्मीद किससे होगी?