छिंदवाड़ा में तीन घंटे झमाझम बारिश, आकाशीय बिजली से मवेशियों की मौत — खिलाड़ी ने मोबाइल कैमरे में किया कैद

शनिवार दोपहर बाद छिंदवाड़ा शहर में मौसम ने अचानक करवट ली और करीब तीन घंटे तक रुक-रुक कर झमाझम बारिश हुई। मानसून की इस पहली बारिश में करीब 1 इंच वर्षा दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया और जनजीवन प्रभावित हुआ।

झील मोहल्ला, गुलाबरा, चौकसे कॉलोनी, पुलिस लाइन, ईएलसी चौक और शनिचरा बाजार जैसे इलाकों में पानी भरने से सड़कों ने तलैया का रूप ले लिया। वाहन चालकों को निकलने में परेशानी हुई, वहीं पैदल राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बारिश के दौरान अमरवाड़ा तहसील के सिमरिया मुलतानी गांव में आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई, जिसमें दो गाय और एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई। सौभाग्य से इस दौरान पास में मौजूद चरवाहा बाल-बाल बच गया।

सबसे खास बात यह रही कि इनर ग्राउंड के पास स्थित एक शेल्टर में खड़े फुटबॉल खिलाड़ी सौम्य हीवसे ने आकाशीय बिजली गिरने की घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। सौम्य ने बताया कि वे उस समय एक रील (वीडियो) बना रहे थे, और उसी दौरान अचानक बिजली गिरी, जो पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे क्षेत्र में और राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।