मानसून अलर्ट: 12 जून को छिंदवाड़ा में दस्तक की संभावना, आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी

जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्री-मानसूनी गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है और अब 12 जून को मानसून की आधिकारिक एंट्री के आसार जताए जा रहे हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है, साथ ही कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है।

सुबह से चटख धूप, गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी
आज सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। आसमान बिल्कुल साफ नजर आया और गर्म हवाओं के साथ चुभन भरी गर्मी का अहसास हुआ। दोपहर तक तापमान तेजी से चढ़ता गया, जिससे सड़कों पर आवाजाही भी कम नजर आई।

दो दिन से बारिश नहीं, तापमान में तेजी
छिंदवाड़ा और पांढुर्ना अंचल में बीते दो दिनों से बारिश नहीं हुई है। इसी के चलते अधिकतम तापमान में फिर से उछाल देखा जा रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 37.07 डिग्री और शुक्रवार रात न्यूनतम 25.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

सुबह बादल, फिर निकली तेज धूप
रविवार की सुबह हल्के बादलों के साथ शुरू हुई थी, लेकिन दोपहर होते-होते बादल छंट गए और तेज धूप ने लोगों को फिर से गर्मी का अहसास करा दिया।

मई-जून में गर्मी का असर रहा सीमित
इस साल गर्मी अपने चरम पर नहीं पहुंच सकी। अप्रैल में जरूर पारा 42 डिग्री के पार गया था, लेकिन मई से जून की शुरुआत तक तापमान 40 डिग्री से नीचे ही बना रहा। बीते तीन दिनों में हल्की बढ़त जरूर दर्ज की गई, लेकिन अब भी पारा 37.78 डिग्री तक ही पहुंचा है।

मानसून की एंट्री के साथ राहत की उम्मीद
मौसम विभाग का मानना है कि 12 जून के आसपास जब मानसून जिले में दस्तक देगा, तब तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी।

प्रशासन की अपील: सतर्क रहें
वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से खुले मैदानों से बचने, बिजली चमकते वक्त मोबाइल या धातु के उपकरणों का प्रयोग न करने, और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।