छिंदवाड़ा:खेत में काम करते समय गिरी आकाशीय बिजली, पत्नी की मौके पर मौत,पति गंभीर रूप से घायल
छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश)। जिले के धरमटेकड़ी चौकी अंतर्गत सिहोरा मटका गांव में मंगलवार को एक दुखद हादसे में आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से झुलस गया। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों पति-पत्नी खेत में काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, राधा बाई चंद्रवंशी अपने पति शंकर चंद्रवंशी के साथ खेत में मजदूरी कर रही थीं। दोपहर के समय मौसम अचानक बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। दुर्भाग्यवश, बिजली सीधे खेत में गिर गई, जहां दंपति मौजूद थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने राधा बाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पति का इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना पूरे गांव में शोक की लहर फैला गई है।
प्राकृतिक आपदाओं से सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन की ओर से नागरिकों को अपील की गई है कि मौसम खराब होने की स्थिति में खेत या खुले स्थानों में जाने से बचें। आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना अत्यंत आवश्यक है।
