सिवनी रोड में मोड के पास कार में आमने-सामने की टक्कर,माता-पिता समेत 4 माह के मासूम की मौत

आज दोपहर करीब डेढ़ बजे छिंदवाड़ा-सिवनी रोड पर घाट परासिया और नवेगांव के बीच स्थित वासुदेव टाइल्स फैक्ट्री के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिवनी की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार और छिंदवाड़ा की ओर जा रही रेनॉल्ट कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।छिंदवाड़ा के गुरैया रोड निवासी मां पिता समेत 4 माह में मासूम की मौत हो गई।

VIDEO देखिए

https://youtu.be/Pzxqqc2qJ_0?si=gRF7pPO__3Zo-EZF

हादसे में ऑल्टो कार चला रहे छिंदवाड़ा के गुरैया निवासी दिनेश उईके पिता विशनलाल उईके (38 वर्ष), पत्नी कंचन उईके और चार माह का मासूम बेटा सागर उईके की मौके पर ही मौत हो गई।  मृतकों की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।  ये अपने परिवार के साथ कपूरदा से दर्शन कर लौट रहे छिंदवाड़ा लौट रहे थे।

ऑल्टो में सवार दिनेश के अन्य तीन बच्चे — दिव्यांश (11 वर्ष), प्रियांश और देवांशी (8 वर्ष) तथा बुआ सीमा उईके (26 वर्ष) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं, रेनॉल्ट कार में सवार महेश भामकर (30 वर्ष, निवासी नागपुर), नीरज ढोक (40 वर्ष) और राजेंद्र साहू (45 वर्ष) भी घायल हुए हैं। महेश भामकर को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य दो का उपचार जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है।महाराष्ट निवासी परिवार कपूरदा दर्शन के लिए जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।