अमरवाड़ा :RSS का भव्य पथ संचलन, जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी ने पुष्प वर्षा कर बढ़ाया सद्भाव
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द्र का प्रतीक बना। इस अवसर पर जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी ने शहीद चौक पर स्वयंसेवकों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जो समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली पहल बनी।
आपसी एकता और सद्भाव का प्रतीक बना स्वागत समारोह
सैंकड़ों स्वयंसेवकों के अनुशासित पथ संचलन के दौरान जैसे ही यह काफिला शहीद चौक पहुंचा, वहां पहले से मौजूद जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी के सदस्यों और पदाधिकारियों ने फूल बरसाकर अभिनंदन किया। इस आत्मीयता भरे स्वागत ने “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना को सजीव कर दिया और नगरवासियों को सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित गणमान्यजन
इस ऐतिहासिक मौके पर जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी के पूर्व सदर शेख मुख्तार खान, आरिफ शाह, वर्तमान सदर जावेद खान, सेक्रेटरी मोहम्मद आसिफ खान, फिरोज खान, डॉक्टर जुबेर मलिक, सोनू भाई, शेख जिब्राइल, फिरोज भाई, शेख इरशाद सहित मुस्लिम समाज के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने इस आयोजन को सामाजिक सौहार्द्र को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।
अमरवाड़ा ने पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
अमरवाड़ा हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों और आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी की इस पहल ने इस परंपरा को और मजबूत किया है।
स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने इस सद्भावना पूर्ण आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उनका मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में प्रेम, शांति और एकता की भावना को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।RSS के इस भव्य पथ संचलन और जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत ने अमरवाड़ा को एक बार फिर से सामाजिक सौहार्द्र और आपसी प्रेम का संदेश देने वाला शहर बना दिया है।
