BJP के कई राज्यसभा दिग्गज लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, जानें किसे कहां से मिल सकती है टिकट

नई दिल्ली 
बीजेपी (BJP) के मिशन 2019 (Mission 2019) में राज्यसभा (Rajya Sabha ) के कई दिग्गज चुनाव लड़ाने के बजाय चुनाव लड़ते नजर आएंगे। पार्टी लोकसभा चुनाव (Lok Sabha election) में पूरी तैयारी से उतरेगी, जिसमें लोकसभा चुनाव में जीत की संभावना वाले राज्यसभा के लगभग एक दर्जन सांसदों को चुनाव लड़ाना शामिल है। इसके लिए उन राज्यों के राज्यसभा सांसदों को लिया गया है जिनके लोकसभा के लिए चुने जाने पर भी राज्यसभा की सीट भाजपा के पास में रहे। 

आम तौर पर बीजेपी के राज्यसभा के प्रमुख नेता पार्टी की चुनाव लड़ाने वाली टीम का हिस्सा होते हैं, लेकिन इस बार कुछ प्रमुख नेता चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को चुनौती दे सकती हैं। मनोनीत सांसद रूपा गांगुली भी पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ सकती हैं। शत्रुघ्न सिन्हा को इस बार भाजपा का टिकट मिलने की संभावना नहीं है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का नाम पटना साहिब सीट के लिए चर्चा में है।
 
बीजेपी के लिए ओडिशा के चुनाव इस बार महत्वपूर्ण हैं। वहां लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव भी है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान चुनाव मैदान में नजर आ सकते हैं। महाराष्ट्र में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे, हरियाणा में केंद्रीय मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह, राजस्थान में किरोड़ीलाल मीणा, छत्तीसगढ़ में रणविजय सिंह जूदेव और हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का नाम भी लोकसभा चुनाव लड़ने वाले संभावित नेताओं में शामिल है।
 
सूत्रों के अनुसार तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा अपनी रणनीति में कई बदलाव कर रही है। इसमें वह सरकार विरोधी माहौल की काट के लिए अपने कई मौजूदा सांसदों को बदल सकती है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे बड़े राज्यों में कई सीटों पर नए चेहरे लाने की तैयारी की जा रही है। राज्यों के कुछ प्रमुख नेता भी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इनमें से कुछ नेताओं को तो लोकसभा चुनाव की तैयारी करने के संकेत भी दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *